कार्तिक पूर्णिमा स्नान व ददरी मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व और ददरी मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने शिवपुर घाट का औचक निरीक्षण कर स्नान पर्व की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, पर्याप्त नावों की व्यवस्था तथा प्रकाश व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। स्नान स्थलों पर विशेष रूप से रोशनी और स्वच्छता का ध्यान रखने के साथ जगह-जगह होल्डिंग एवं बैनर लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ददरी मेले का भी निरीक्षण कर विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


