कार्तिक पूर्णिमा और ददरी मेले की सुरक्षा को लेकर डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां
बलिया। आगामी कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व एवं ऐतिहासिक ददरी मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने ददरी मेला परिसर के नंदीग्राम, मीना बाजार तथा गंगा स्नान घाटों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। वहीं स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों, जल पुलिस और नावों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, प्रकाश, पेयजल और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र, पुलिस सहायता बूथ और चिकित्सा शिविर स्थापित करने तथा पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्नान पर्व और मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


