आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा
बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के गौरा गांव में सोमवार सुबह डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की उंगली क्षतिग्रस्त मिलने की सूचना से क्षेत्र में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं प्रतिमा समिति के सदस्यों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई। इसके बाद तत्काल प्रतिमा की मरम्मत कराई गई, जिससे लोगों में व्याप्त नाराजगी शांत हुई और स्थिति सामान्य बनी रही।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष भीमपुरा को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में पूरी तरह शांति है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।जांच के बाद घटना के जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



