बैरिया में खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार और दो बाल अपचारी हिरासत में
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के मिश्र के मठिया गांव में हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर को जमीन विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर भृगुनाथ यादव के परिवार पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला किया गया था। इस दौरान कई लोग घायल हुए थे और घर के बाहर खड़ी चार पहिया गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी गई थी।
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जिला मुख्यालय पर किसी बड़े अधिकारी के यहां प्रार्थना पत्र देने जा रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पुलिस क्लब तिराहे के पास घेराबंदी कर लल्लन यादव और रंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया। दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, हमले में इस्तेमाल हथियारों को मांझी पुल से गंगा नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
