मिश्र के मठिया में मारपीट व जानलेवा हमले के मामले में दो गिरफ्तार
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के मिश्र के मठिया गांव में हुए मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को बैरिया तिराहे से मुखबिर की सूचना पर हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल किए गए लोहे के पाइप और कील व तार से बंधा बांस का डंडा भी बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि राजकुमार यादव उर्फ राजू यादव के पुत्र अनीश यादव और मनीष यादव समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया। हमले में वादी और उसके परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करने के साथ दरवाजे पर खड़ी चार पहिया गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 338/26 दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। सोमवार को उपनिरीक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अनीश यादव (19) और मनीष यादव (22), निवासी मिश्र के मठिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
