बाल विवाह के खिलाफ बेटियों को किया जागरूक, मानसिक स्वास्थ्य पर भी दी गई जानकारी
बलिया। बालिकाओं को उनके अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने के लिए शुक्रवार को फीनिक्स इंटरनेशनल स्कूल, अलावलपुर गड़वार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य और बाल विवाह रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई।
जिला मिशन समन्वयक अंजली सिंह ने छात्राओं को तनाव, चिंता और किशोरावस्था में होने वाले मानसिक बदलावों को समझाते हुए अपनी समस्याएं परिवार व शिक्षकों से साझा करने की सलाह दी। वहीं बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर इसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के बारे में बताया। कार्यक्रम में विद्यालय की अध्यापिकाएं भी मौजूद रहीं।


