रक्षा तकनीक में बलिया के छात्रों की बड़ी उपलब्धि, TRINETRA 1326 मॉडल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
बलिया। प्रतिभा और नवाचार के दम पर बलिया के दो विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर माल्देपुर के छात्र देवेश मणि उपाध्याय और आदित्य मिश्रा द्वारा तैयार स्वदेशी सैन्य सुरक्षा मॉडल ‘TRINETRA 1326’ को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। अब यह मॉडल राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएगा।
शुक्रवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने दोनों विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनके इस अनूठे प्रयास की जानकारी ली और उत्साहवर्धन किया। मॉडल में ड्रोन, गोलीबारी की आवाज, आग और बारूदी सुरंगों का पता लगाने के साथ ऑटोमैटिक कैमोफ्लाज जैसी पांच आधुनिक तकनीकों को शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और स्वदेशी तकनीक के प्रति रुचि की सराहना की। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र त्रिपाठी ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सफलता की कामना की।


