बलिया में जल्द पहुंचेगी 3,852 मीट्रिक टन डीएपी, रबी सीजन में खाद की किल्लत दूर करने की तैयारी
बलिया। रबी सीजन में फसलों की बुवाई के बीच किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। अगले दो से तीन दिनों में जनपद को 3,852.5 मीट्रिक टन डीएपी की नई खेप मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा 701 मीट्रिक टन एनपीके भी पहुंचेगी, जिससे खाद की उपलब्धता को और मजबूत किया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इफको की ओर से 1,973.5 मीट्रिक टन डीएपी और 701 मीट्रिक टन एनपीके, जबकि कोरोमंडल से 1,879 मीट्रिक टन डीएपी जनपद को मिलने वाली है। नई खेप सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाई जाएगी। इसके बाद निजी और सहकारी क्षेत्र को मिलाकर जनपद में डीएपी की कुल उपलब्धता 9,942 मीट्रिक टन हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि किसान अपनी जोत बही और फार्मर रजिस्ट्री के अनुसार जरूरत भर उर्वरक खरीद सकते हैं। किसानों से अपील की गई है कि पूरे सीजन की खाद एक साथ खरीदकर अनावश्यक भंडारण न करें। रबी सीजन में खाद की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने की व्यवस्था की जा रही है।
जिला कृषि अधिकारी ने उर्वरक विक्रेताओं को चेतावनी दी कि किसानों को डीएपी या यूरिया के साथ जबरन अन्य उर्वरक न दिया जाए। दुकानों पर खाद की निर्धारित कीमत और उपलब्ध स्टॉक का बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली या जबरन अन्य खाद बेचने की शिकायत मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से भी अपील की गई है कि खाद खरीदने में किसी प्रकार की परेशानी या अनियमितता होने पर कृषि विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराएं।


