श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6 और 9 में प्रवेश का मौका, 5 जनवरी तक आवेदन
बलिया। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा छह और नौ में प्रवेश दिलाने के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर से शुरू हो गई है। पात्र अभ्यर्थी 5 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार के अनुसार, योजना का लाभ उन निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा, जिनके माता-पिता 30 अक्टूबर 2026 तक बोर्ड की सदस्यता के तीन वर्ष पूरे कर चुके हों। एक श्रमिक परिवार के अधिकतम दो बच्चे पात्र होंगे। कोविड काल में अनाथ हुए पात्र बच्चों को भी योजना में शामिल किया गया है।
कक्षा छह में प्रवेश के लिए कक्षा पांच उत्तीर्ण या अध्ययनरत होना तथा जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना जरूरी है। वहीं कक्षा नौ के लिए कक्षा आठ उत्तीर्ण या अध्ययनरत होना और जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच निर्धारित है।
आवेदन बोर्ड की वेबसाइट upbocw.in पर किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन श्रम विभाग, बलिया में जमा होंगे। आवेदन के साथ श्रमिक पहचान पत्र, आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, कार्य प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज और दो फोटो लगाना अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय, जापलिनगंज, बलिया में संपर्क किया जा सकता है।


