इंजेक्शन के बाद महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टर और नर्स का किया तबादला, सीएचसी प्रभारी भी हटाए गए
बलिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर में इंजेक्शन लगाने के बाद 28 वर्षीय खुशबू वर्मा की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में उपचार के दौरान लापरवाही के संकेत मिलने पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक और स्टाफ नर्स का तबादला कर दिया गया, जबकि सीएचसी प्रभारी को भी पद से हटा दिया गया है।
सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय ने चिकित्सक डॉ. संदीप गुप्ता को खेजुरी तथा इंजेक्शन लगाने वाली स्टाफ नर्स सुप्रिया गुप्ता को बेरुआरबारी स्थानांतरित कर दिया है। वहीं, सीएचसी प्रभारी डॉ. दिग्विजय कुमार को हटाकर खेजुरी के प्रभारी डॉ. रत्नेश कुमार को सिकंदरपुर सीएचसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिवान कला गांव निवासी दीपक वर्मा की पत्नी खुशबू 16 नवंबर को घुटने के नीचे दर्द और बुखार की शिकायत लेकर सीएचसी पहुंची थीं। परिजनों के अनुसार, चिकित्सक ने बाहर से छह दवाएं और खाने की दो दवाएं मंगवाईं, जिसके बाद खुशबू को इंजेक्शन लगाया गया। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी और मुंह से झाग निकलने लगा। गंभीर स्थिति देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की। टीम ने सीएचसी पहुंचकर चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों के बयान दर्ज किए और लिखित स्पष्टीकरण लिया।
बुधवार को जांच टीम मृतका के घर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। साथ ही अस्पताल में उपचार से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई। मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है।


