ई-रिक्शा चोरी का 24 घंटे में खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार और बाल अपचारी पकड़ा गया
बलिया। बैरिया थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। दोनों के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, चांददियर निवासी आकाश कुमार मौर्या ने 7 अक्टूबर को मिर्जापुर मंडी से ई-रिक्शा चोरी होने की तहरीर दी थी। इसके आधार पर थाना बैरिया में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
8 अक्टूबर को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वादी ने पुलिस को सूचना दी कि उसने ई-रिक्शा चोरी करने वालों को पहचान लिया है और वे वाहन लेकर बिहार की ओर जाने की तैयारी में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्रीनफील्ड रोड, ठेकहा के पास घेराबंदी कर निरंजन नट (20) निवासी दलपतपुर, थाना बैरिया को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके साथ मौजूद 16 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया। उनके कब्जे से नीले रंग का ई-रिक्शा संख्या UP60AT9029 बरामद किया गया।
पुलिस की पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर 7 अक्टूबर को मिर्जापुर मंडी से ई-रिक्शा चोरी करने और उसे बिहार में बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया, जबकि बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता तथा प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई।



