कार्तिक पूर्णिमा पर 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने स्नान घाटों एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक इस बार आठ से दस लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए मेला क्षेत्र में पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में एनडीआरएफ, एक प्लाटून पीएसी और गोताखोरों की टीम भी लगाई जाएगी। नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराई गई है। प्रत्येक 50 से 100 मीटर की दूरी पर गोताखोरों, तैराकों और नावों की व्यवस्था रहेगी। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी।
नगर पालिका की ओर से घाटों पर चेंजिंग रूम, बाथरूम और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष वालंटियर्स तैनात रहेंगे। सिविल डिफेंस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स और स्थानीय कॉलेजों के विद्यार्थी भी सेवा कार्यों में सहयोग करेंगे। युवा भारत के करीब 25 बच्चे श्रमदान और व्यवस्था संचालन में लगाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मिली कमियों को तत्काल दूर करने तथा रात में भी मेला क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





