31 मुकदमों में जब्त 540 लीटर अवैध शराब नष्ट, न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
बलिया। बांसडीह रोड थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 मुकदमों से संबंधित कुल 540 लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण कराया। इसमें 445 लीटर कच्ची शराब और 95 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल रही।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण में 21 नवंबर को यह कार्रवाई की गई। न्यायालय सिविल जज (सीनियर डिवीजन), एफटीसी/एसीजेएम बलिया के आदेश के अनुपालन में गठित जिला स्तरीय कमेटी की मौजूदगी में शराब नष्ट कराई गई।
इस दौरान उपजिलाधिकारी न्यायिक सदर आलोक कुमार गुप्ता, क्षेत्राधिकारी बैरिया, आबकारी निरीक्षक सदर विनय राय तथा थानाध्यक्ष बांसडीह रोड राजेश बहादुर सिंह मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।





