छुट्टी पर घर आए छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान से मारपीट का आरोप, लालगंज चौकी पर धरने पर बैठे पूर्व विधायक
बलिया। बैरिया विधानसभा क्षेत्र के लालगंज पुलिस चौकी में छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान सुनील राम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जवान छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था, इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई।
घायल जवान को उपचार के लिए सोनबरसा अस्पताल भेजा गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय बलिया रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह लालगंज चौकी पहुंच गए और कथित दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह उपवास पर बैठेंगे।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज है और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।





