आग, भूकंप और हवाई हमले से निपटने की तैयारियों का अभ्यास, बलिया में हुई ब्लैक आउट मॉक ड्रिल
बलिया। आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार शाम नवीन मंडी समिति, तीखमपुर में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के नेतृत्व में शाम छह बजे शुरू हुए इस अभ्यास में आगजनी, भूकंप और दुश्मन के हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा गया।
मॉक ड्रिल के दौरान सबसे पहले भवन में आग लगने की स्थिति तैयार की गई। अग्निशमन दल ने आग बुझाने, फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास किया। इसके बाद भूकंप का सायरन बजाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा खुले मैदान में एकत्रित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। जिला अस्पताल में घायलों के उपचार और एंबुलेंस व्यवस्था की तत्परता भी परखी गई।
इसके बाद हवाई हमले की आशंका को देखते हुए सायरन बजाकर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई गई। इस दौरान अनावश्यक रोशनी बंद रखने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने का अभ्यास कराया गया। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभाई।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। वहीं एसपी डॉ. ईराज राजा ने कहा कि आपात परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभ्यास महत्वपूर्ण हैं।
इस दौरान सीओ सिटी सतीश कुमार शर्मा, सीओ लाइन मंजरी राव समेत पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





