कलेक्ट्रेट पहुंचें, आधार दिखाएं और पांच मिनट में बनवाएं आयुष्मान कार्ड डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने कैंप का किया निरीक्षण, पात्र लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील
बलिया। जिले के पात्र लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा अब कलेक्ट्रेट परिसर में भी उपलब्ध है। गुरुवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट में लगाए गए आयुष्मान कार्ड कैंप का औचक निरीक्षण किया और लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों समेत पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बनाया जा रहा है। पात्र व्यक्ति अपना आधार कार्ड लेकर जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में पहुंचें और मौके पर ही करीब पांच मिनट में कार्ड बनवाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्ड बनवाने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक रखा जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनसुनवाई में आने वाले पात्र लोगों का भी आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आईजीआरएस में बलिया 11वें स्थान पर है और जनसुनवाई में प्राप्त समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि पात्र लोग समय रहते अपना आयुष्मान कार्ड बनवा लें, जिससे जरूरत पड़ने पर योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लिया जा सके।



