रैंकिंग में पिछड़े विभागों पर डीएम की सख्ती, बोले- काम में दिखना चाहिए सुधार
बलिया। सरकारी योजनाओं की खराब प्रगति और आईजीआरएस शिकायतों के फीडबैक में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक में कई योजनाओं की खराब रैंकिंग सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही के साथ काम करने को कहा।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जिले की ‘सी’ रैंकिंग पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने योजना को घर-घर पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा कोटेदारों, किसानों, स्थानीय कर्मचारियों और नगर पालिका क्षेत्रों के माध्यम से पात्र लोगों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना की ‘सी’ रैंकिंग पर भी डीएम ने सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में पात्र महिलाओं को योजना की जानकारी देने को कहा।
इसी तरह फैमिली आईडी और पोषण अभियान की ‘सी’ तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की ‘डी’ रैंकिंग पर संबंधित विभागों को प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना का अधिक से अधिक प्रचार कराने को भी कहा गया।
पांच परियोजनाओं में देरी पर फटकार
सीएमआईएस की समीक्षा में पांच परियोजनाएं निर्धारित समय से पीछे मिलीं। इस पर डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सभी परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस में लापरवाही पर चेतावनी
आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान डीएम ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसका फीडबैक लिया जाए और निस्तारण से संबंधित फोटो व लिखित प्रार्थना पत्र सहित आवश्यक साक्ष्य पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।
समीक्षा में सात विभागों का फीडबैक शून्य प्रतिशत मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि फीडबैक की प्रगति 75 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
डीएम ने विद्युत दुर्घटना में मृत्यु होने पर पात्र परिवार को मिलने वाली पांच लाख रुपये की सहायता का भी व्यापक प्रचार कराने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद परिवार योजना का समय से लाभ उठा सकें।
बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय, डीडीओ आनंद प्रकाश समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

