त्योहार से पहले रसड़ा में बड़ा एक्शन, 15 लाख के पटाखे बरामद नाथबाबा चौराहे पर आवासीय परिसर में मिला भारी स्टॉक, लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
बलिया। त्योहारों से पहले अवैध पटाखों के भंडारण को लेकर प्रशासन ने रसड़ा में बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम रणवीर सिंह और सीओ रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाथबाबा चौराहा स्थित एक दुकान एवं आवासीय परिसर में छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान परिसर से 85 छोटी-बड़ी बोरियां, 15 कार्टून और करीब पांच बोरी खुले पटाखे मिले। पुलिस के अनुसार पटाखों का भंडारण वैध लाइसेंस और निर्धारित सुरक्षा मानकों के बिना किया जा रहा था। मौके पर तारकेश्वर जायसवाल निवासी नाथबाबा चौराहा मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
प्रशासन के मुताबिक, पटाखों का स्टॉक घनी आबादी वाले क्षेत्र के नजदीक रखा गया था। मौके पर आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण नहीं मिले और वैध अग्निशमन एनओसी भी उपलब्ध नहीं बताई गई। ऐसे में किसी दुर्घटना की स्थिति में आसपास के क्षेत्र में बड़ा खतरा पैदा हो सकता था।
प्रशासन ने बरामद पटाखों और विस्फोटक सामग्री को सीज कर दिया है। मामले में विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की गई है।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

