जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा समेत चार पर दुष्कर्म व शोषण के आरोप, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा एक मामला सामने आने के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा की जिला कार्यसमिति से जुड़ी एक महिला नेत्री ने भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिला मंत्री आलोक सिंह मोनू, गणेश गुप्ता और अजीत मिश्रा चंदन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि निजी वीडियो बनाने के बाद उसे वायरल करने की धमकी देकर उसका कथित रूप से शोषण किया गया। इन आरोपों से संबंधित महिला का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, हालांकि उसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
महिला के आरोपों के अनुसार, विरोध करने के बाद कथित निजी वीडियो को वायरल कर दिया गया। महिला ने पुलिस पर भी कार्रवाई में दबाव होने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि शिकायत के बाद कार्रवाई में देरी हुई और बाद में दर्ज मुकदमे में भाजपा जिलाध्यक्ष का नाम शामिल नहीं किया गया।
उपलब्ध पुलिस जानकारी के मुताबिक, महिला की तहरीर पर आलोक सिंह, गणेश गुप्ता और अजीत मिश्रा के खिलाफ निजी वीडियो प्रसारित किए जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना चल रही है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
महिला ने अपने पक्ष को शपथ पत्र के माध्यम से न्यायालय के समक्ष भी रखा है और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें राजनीति से प्रेरित और मनगढ़ंत बताया है। बांसडीह पुलिस का कहना है कि दर्ज मुकदमे की विवेचना जारी है।
मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

