बलिया में 1.49 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित, प्रमाण पत्र पाकर खिले छात्र-छात्राओं के चेहरे
बलिया। आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में मदद के लिए शनिवार को विकास भवन सभागार में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को दिखाया गया।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के लाभार्थी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। जीजीआईसी की कक्षा 12 की 28 छात्राओं को 3290 रुपये तथा कुंवर सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 10 के 16 छात्र-छात्राओं को 2250 रुपये की छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र दिए गए।
जिले में तीनों विभागों के माध्यम से कुल 5909 छात्र-छात्राओं के खातों में 1,49,74,120 रुपये की छात्रवृत्ति धनराशि वितरित की गई। इसमें सामान्य वर्ग के 222 विद्यार्थियों को 6.71 लाख, अनुसूचित जाति के 327 को 4.58 लाख, अनुसूचित जनजाति के 310 को 3.72 लाख, पिछड़ा वर्ग के 4582 विद्यार्थियों को 1.19 करोड़ तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 468 विद्यार्थियों को 15.49 लाख रुपये की धनराशि शामिल है।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि आर्थिक सहायता विद्यार्थियों की शिक्षा को निरंतर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। छात्रवृत्ति मिलने से पढ़ाई से जुड़े खर्चों में विद्यार्थियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं के साथ ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। समारोह में सीडीओ आलोक कुमार सहित समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

