मांझी पुल पर चली गोली, आलू कारोबारी घायल बाइक सवार दो लोगों पर फायरिंग का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बलिया । आलू बेचकर वापस लौट रहे ट्रैक्टर सवार युवक को मांझी पुल के पास गोली मारकर घायल किए जाने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। गोली बबलू कुमार गुप्ता के बाएं जांघ में लगी।
बताया गया कि बबलू कुमार गुप्ता अपने ड्राइवर रितेश यादव के साथ एकमा से ट्रैक्टर से लौट रहे थे। मांझी पुल के पास बाइक सवार दो लोग पहुंचे। पुलिस को दी गई सूचना के मुताबिक बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद घायल बबलू को सीएचसी बैरिया ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया।
ड्राइवर रितेश यादव ने पुलिस को दो नाम बताए हैं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं। पुलिस घटना के कारणों और फायरिंग की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण है।

