बच्चों की सुरक्षा पर विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल, विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार
बलिया। बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, धरहरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज (जू.डि.) एफटीसी विवस्वान प्रकाश ने की। उन्होंने बच्चों को बताया कि किसी भी अनुचित व्यवहार या घटना को छिपाने के बजाय इसकी जानकारी तत्काल अपने अभिभावक, शिक्षक अथवा संबंधित अधिकारी को देनी चाहिए।
कार्यक्रम में Good Touch और Bad Touch के जरिए बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया। साथ ही शरीर की निजता, व्यक्तिगत सीमाओं और समय रहते शिकायत करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा के आदेशानुसार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानूनी जानकारी देकर सुरक्षित वातावरण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्रिपाठी, कोऑर्डिनेटर पूनम, उपप्रधानाचार्य राजेश मिश्रा, पैरालीगल वॉलंटियर्स सुरेंद्र प्रसाद एवं बब्बन सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



