सेमरी मारपीट कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में युवक सोनू यादव की मौत के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई चार बांस की लाठियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर को बिजली खराब होने के बाद सोनू यादव अपने पटीदार शैलेंद्र यादव के घर के सामने बिजली के खंभे के पास बिजली ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान विरोध को लेकर विवाद हुआ और मारपीट में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद प्राप्त तहरीर के आधार पर नगरा थाने में मु0अ0सं0 190/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के दौरान नामजद आरोपियों शैलेंद्र यादव, सुमेर यादव, हरेराम और राजकुमार यादव, सभी निवासी सेमरी, को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर डीह बाबा मंदिर-सोनाड़ी रोड के किनारे झाड़ियों से चार बांस की लाठियां बरामद की गईं।
चारों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी हैँ।



