शहर की सफाई व्यवस्था पर डीएम का सख्त निर्देश, घर-घर कूड़ा उठाने की तैयारी
बलिया। शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन ने दुकानदारों की जिम्मेदारी तय करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नगर के सभी दुकानदारों को अपनी दुकान पर डस्टबिन रखने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पहले दो से तीन दिन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, इसके बाद नियम का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर के वार्डों में सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीएम ने सफाई नायकों और अधिकारियों से कहा कि केवल कूड़ा उठाने से शहर साफ नहीं होगा, बल्कि कूड़ा सड़क और नालियों में पहुंचने से रोकना भी जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक दुकान पर डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा।
घर-घर पहुंचेगा कूड़ा संग्रह वाहन
डीएम ने शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि व्यवस्था शुरू होने के बाद घरों और दुकानों से कूड़ा निर्धारित तरीके से एकत्र किया जाए, जिससे सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े का ढेर न लगे।
बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए। जिन स्थानों पर लाइट खराब है, वहां तत्काल मरम्मत कराने और जरूरत वाले स्थानों पर नई लाइट लगाने को कहा गया।
झोपड़ियों को लेकर भी प्रशासन सक्रिय
जिलाधिकारी ने बलिया को झोपड़ी मुक्त बनाने की दिशा में भी काम तेज करने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आवास के लिए पात्र लोगों को सरकारी आवास योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि कोई परिवार आवास के अभाव में झोपड़ी में रहने को मजबूर न हो।
डीएम ने साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी देते हुए अधिकारियों और सफाई कर्मियों से नियमित निगरानी के साथ अभियान चलाने को कहा। बैठक में एडीएम अनिल कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



