लालगंज चौकी के तीन सिपाही निलंबित, एसपी ने लिया सख्त एक्शन
थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को बिना जानकारी दिए आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाने पर गिरी गाज
बलिया। दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज चौकी पर शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
बताया गया कि 22 नवंबर को लालगंज निवासी मोहित कुमार राम पुत्र जवाहिर राम ने मारपीट के संबंध में चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत के क्रम में चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सुशील कुमार राम को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया, लेकिन इसकी जानकारी न तो थाना प्रभारी और न ही चौकी प्रभारी को दी गई।
मामले में लापरवाही सामने आने पर एसपी ने कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल नर्सिंग पटेल और कांस्टेबल प्रशांत जायसवाल को निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी को लेकर एसपी की इस कार्रवाई को सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है





