सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
बलिया। गड़वार थाना पुलिस ने नाबालिग से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर नाबालिग की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया समेत अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर प्रसारित करने तथा धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना गड़वार में मुकदमा संख्या 231/2026 दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश की जा रही थी। मंगलवार को उपनिरीक्षक अब्दुल हफीज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर ग्राम नरायनापाली नहर के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल चौरसिया (29) पुत्र राजनारायण प्रसाद चौरसिया, निवासी जबरा, थाना नोखा, जनपद रोहतास, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मामले में बीएनएस की धारा 123, 75, 76, पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 67(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।



