मुस्तफाबाद डबल मर्डर में बड़ा खुलासा, पति ही निकला साजिशकर्ता
बलिया। मुस्तफाबाद में मां-बेटी की संदिग्ध हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। स्वाट, सर्विलांस और रसड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मृतका मान्ती देवी के पति रामचीज गुप्ता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद हत्या को अज्ञात लोगों द्वारा किए जाने का रूप देने की कोशिश की गई थी।
पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर की रात मान्ती देवी की हत्या उनके घर में की गई थी, जबकि उनकी बेटी गौरी का शव घर के पास खेत में मिला था। मामले में रामचीज गुप्ता की तहरीर पर 17 सितंबर को अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को घटना में मृतका के पति की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस का दावा है कि पारिवारिक परिस्थितियों और सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर रामचीज ने पत्नी और बेटी की हत्या की योजना बनाई तथा गांव के चंदन यादव और दिनेश गुप्ता को इसमें शामिल किया।
सुबह साढ़े तीन बजे दबोचे गए
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 19 सितंबर की सुबह करीब 3:30 बजे सिधागरघाट से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामचीज गुप्ता, चंदन यादव और दिनेश गुप्ता, सभी निवासी मुस्तफाबाद, के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दाव, रामचीज का कुर्ता और चंदन की टी-शर्ट बरामद करने का दावा किया है। तीनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना और साक्ष्यों का संकलन जारी है।



