नेपाल त्रासदी के पीड़ित परिवार के घर पहुंचे रमेश सिंह व यूकेश सिंह, दी आर्थिक मदद
बलिया। नेपाल में आई भीषण त्रासदी में रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के पन्नालाल चौरसिया के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। नेपाल के त्रिशूली नवाकोट में कपड़े का व्यवसाय करने वाले पन्नालाल चौरसिया की पत्नी उषा देवी और पुत्र राहुल चौरसिया की हादसे में मौत हो गई थी। वहीं उनका घर और वर्षों पुराना कारोबार भी आपदा में तबाह हो गया।
हादसे के बाद परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित बच गए और रसड़ा स्थित पैतृक आवास लौट आए।
पीड़ित परिवार से मिलने स्वर्गीय विधायक उमाशंकर सिंह के भाई रमेश सिंह और उनके पुत्र यूकेश सिंह पहुंचे। दोनों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इस दौरान यूकेश सिंह की ओर से परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही पन्नालाल चौरसिया को नौकरी का ऑफर लेटर सौंपा गया तथा 13वीं संस्कार के लिए भी आर्थिक सहयोग दिया गया।
रमेश सिंह और यूकेश सिंह ने कहा कि विपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। परिवार की जरूरत के अनुसार आगे भी सहयोग किया जाएगा।



