कागजी निस्तारण नहीं, मौके पर पहुंचकर करें समाधान: डीएम
बलिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न किया जाए। अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और पीड़ित को प्रभावी राहत दिलाएं। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की चेतावनी दी।
समाधान दिवस में सूर्यपुरा की ममता ने बताया कि उनके पति मिठाई लाल की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी, लेकिन उन्हें अभी तक आर्थिक सहायता नहीं मिली। मामले में पूर्व में लगाई गई रिपोर्ट पर सवाल उठने के बाद डीएम ने एसडीएम को पूर्व लेखपाल और वर्तमान लेखपाल की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कानूनगो को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
बांसडीह निवासी त्रिलोकी प्रसाद ने निजी भूमि से रास्ता निकालने और कब्जे के प्रयास की शिकायत की। डीएम ने राजस्व कर्मियों को मौके पर जाकर जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
सलोनी पाण्डेय ने अपने हिस्से की पट्टे की भूमि पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। डीएम ने खतौनी के आधार पर संबंधित पक्ष को भूमि पर कब्जा दिलाने तथा राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम से मौके की जांच कराने को कहा।
समाधान दिवस में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 09 का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता को राहत मिलने के बाद ही निस्तारण को प्रभावी माना जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत एसडीएम, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



