पौधरोपण की जियो टैगिंग अधूरी मिलने पर डीएम सख्त, पौधों की सुरक्षा में लापरवाही पर चेतावनी
बलिया। विकास भवन सभागार में बुधवार को जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित जियो टैगिंग तत्काल पूरी कराने के साथ रोपित पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत 5 जून और 12 जुलाई को हुए पौधरोपण की समीक्षा में सामने आया कि ऊर्जा, नगर विकास, उच्च शिक्षा, सहकारिता, बेसिक शिक्षा और ग्राम्य विकास विभागों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग अभी पूरी नहीं हुई है। डीएम ने संबंधित विभागों को लंबित कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।
उन्होंने पौधों की नियमित सिंचाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट किया कि पौधों के संरक्षण में लापरवाही नहीं चलेगी। दोनों तिथियों में कराए गए पौधरोपण का स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
एनजीटी मामले में मांगी सूचना
जिला गंगा समिति की बैठक में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा हुई। डीएम ने संबंधित विभागों से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मामलों में समयबद्ध कार्रवाई हो सके।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई की रिपोर्ट तलब
जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा में डीएम ने सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने निकाय क्षेत्रों में इसके इस्तेमाल पर प्रभावी नियंत्रण और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा।
बैठक में सीडीओ आलोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



