जननायक चंद्रशेखर के नाम होगा फेफना खेल महोत्सव, 17 सितंबर से पंजीकरण
बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री जननायक चंद्रशेखर के जन्म शताब्दी वर्ष को समर्पित करते हुए इस बार ‘जननायक चंद्रशेखर फेफना खेल महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। मंगलवार को पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता में महोत्सव की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के लिए पंजीकरण 17 सितंबर से शुरू होगा। प्रतियोगिताएं 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक आठ क्लस्टरों में कराई जाएंगी। इनमें एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और रस्साकशी समेत विभिन्न खेल शामिल होंगे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में महोत्सव से कई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। इस वर्ष भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा तथा चयनित प्रतिभाओं के लिए भविष्य में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की देखरेख में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान को फेफना विधानसभा के गांवों और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाया जाएगा।


