गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित मानवाधिकार, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकीकरण में उत्कृष्ट योगदान पर मिलेगा एक लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र
बलिया। मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को प्रदेश सरकार गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार से सम्मानित करेगी। वर्ष 2026-27 के लिए पात्र व्यक्तियों से आवेदन मांगे गए हैं।
पुरस्कार के लिए चयनित व्यक्ति को एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके लिए ऐसे व्यक्ति पात्र होंगे, जिन्होंने संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
आवेदक का भारत का मूल निवासी होने के साथ सामान्य रूप से उत्तर प्रदेश में निवास करना आवश्यक है। पूर्व में इसी योजना के तहत पुरस्कार प्राप्त कर चुके व्यक्ति पात्र नहीं होंगे। वहीं किसी आपराधिक मामले में न्यायालय से दंडित व्यक्ति तथा जिसके विरुद्ध आपराधिक मामला लंबित है, वह भी आवेदन नहीं कर सकेगा।
20 सितंबर तक जमा करें आवेदन
इच्छुक पात्र व्यक्ति अपना आवेदन 20 सितंबर 2026 तक जिला सूचना कार्यालय, जनता मार्केट, निकट चित्तू पाण्डेय चौराहा, बलिया में जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों को जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद 30 सितंबर 2026 तक शासन को भेजा जाएगा।
प्रशासन ने पात्र व्यक्तियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
