आकाशीय बिजली की चपेट में आए तीन युवक, दो की मौत और एक गंभीर
बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को मौसम के बदले मिजाज के बीच आकाशीय बिजली ने कहर बरपा दिया। कसेसर नहर मार्ग पर गिरी गाज की चपेट में तीन युवक आ गए। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे में अनुराग पुत्र कमलेश, निवासी सिकंदरपुर और रंजीत पुत्र रामायण, निवासी कसौंदर की मौत हुई है। वहीं छोटू उर्फ खेसारी, निवासी कसौंदर गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
गाज गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना पर भीमपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। अचानक हुए हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

