सोनाडीह में अमरेश सिंह हत्याकांड: तीन आरोपी गिरफ्तार, चाकू और डंडे बरामद
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के दोथ सोनाडीह गांव में अमरेश बहादुर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक चाकू और दो बांस के डंडे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर की रात करीब 9:20 बजे अमरेश बहादुर सिंह और उनके चाचा पर चाकू व लाठी-डंडे से हमला किया गया था। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मृतक की बेटी और उसकी बहन के साथ भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। हमले में गंभीर रूप से घायल अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके चाचा का उपचार बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
मामले में उभांव थाने पर मु0अ0सं0 206/2026 दर्ज कर BNS की विभिन्न धाराओं में जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खुशी, शीला सिंह और सूरज सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और दो बांस के डंडे बरामद हुए। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 4/25 आयुध अधिनियम और धारा 3(5) BNS की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।



