बांसडीह में हत्या के प्रयास का खुलासा, मां-बेटे समेत दो गिरफ्तार
बलिया। बांसडीह थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक दांव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को वादिनी की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 283/2026 में BNS की धारा 109(1), 115(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी मामले में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 12 सितंबर की सुबह करीब 3:15 बजे घोघाचट्टी से वांछित अभियुक्त ममता राजभर पत्नी मनोज राजभर (45 वर्ष) तथा नागेश कुमार राजभर पुत्र मनोज राजभर (20 वर्ष), दोनों निवासी सैदपुरा, थाना बांसडीह, को गिरफ्तार किया। इसी दौरान एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक दांव बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों और बाल अपचारी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेजा गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के नेतृत्व में की गई।



