हत्या के प्रयास के मामले में चार वांछित गिरफ्तार, बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
बलिया। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्दी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास से संबंधित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना हल्दी में दर्ज मु0अ0सं0 155/2026 में धारा 3(5), 191(3), 109(1), 115(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में पुलिस ने बहादुरपुर निवासी तूफानी पुत्र रामजी, शेरू उर्फ अरविन्द पुत्र रामजी, आनन्द कुमार पुत्र सुभाष चन्द्र रजक और विजय प्रताप पुत्र सुभाष चन्द्र रजक को गिरफ्तार किया। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर की रात मुखबिर की सूचना पर तूफानी, शेरू उर्फ अरविन्द, आनन्द कुमार और बाल अपचारी को पिंडारी रोड पर आरा मशीन एवं ग्रीन फील्ड के मध्य से रात करीब 10:15 बजे पकड़ा गया। इसके बाद 12 सितंबर को पुलिस ने विजय प्रताप को सीताकुण्ड से चैनछपरा जाने वाले मार्ग से दोपहर करीब 1:30 बजे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे और एक लोहे की पाइप भी बरामद करने का दावा किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष हल्दी राजू कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों और बाल अपचारी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।



