चितबड़ागांव में महिला से चेन स्नेचिंग का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार और दो बाल अपचारी हिरासत में
बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से घर जा रही महिला के गले से मंगलसूत्र झपटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट, सर्विलांस और थाना चितबड़ागांव की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर को कारो निवासी माया देवी पत्नी रमेश राजभर कस्बा चितबड़ागांव से ई-रिक्शा से अपने घर जा रही थीं। सुजायत गांव के पास रमेश यादव की गिट्टी-बालू की दुकान के नजदीक बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से मोतियों वाले मंगलसूत्र में लगा सोने का लॉकेट झपटकर छीन लिया था। मामले में 10 सितंबर को चितबड़ागांव थाने में मुकदमा संख्या 118/2026, धारा 304(2) BNS के तहत केस दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने रितेश उर्फ पुत्तुल पुत्र रामायण चौहान, उम्र 25 वर्ष, निवासी बैरिया थाना नरही तथा 17 और 16 वर्ष के दो बाल अपचारियों को चिह्नित किया।
पुलिस ने तीनों को मानपुर में नरही-चितबड़ागांव मार्ग के पास सुबह करीब 5:35 बजे गिरफ्तार/पुलिस अभिरक्षा में लिया।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, महिला का मंगलसूत्र, ₹320 नकद और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस का दावा है कि बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट UP 60 BH 9060 लगी थी, जबकि उसका वास्तविक पंजीकरण नंबर UP60BH-9509 है।
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में BNS की धारा 317(2), 318(4), 3(5) तथा 3/25 और 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आरोपी और दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार, थानाध्यक्ष चितबड़ागांव बृजेश सिंह तथा स्वाट/सर्विलांस टीम के सहयोग से की गई।


