सोनाडीह में चाकूबाजी: एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर घायल पारिवारिक विवाद में चाकू से हमला, 3 आरोपी हिरासत में; दो की तलाश में तीन टीमें गठित
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव में गुरुवार रात करीब 10 बजे पारिवारिक विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई। हमले में अमरेश बहादुर सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी सीयर ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए मऊ रेफर किया गया।
इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मंजेश सिंह को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी भेजा गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पाटीदार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहा था। अमरेश और मंजेश ने समझाने का प्रयास किया, इसी दौरान रामकरण सिंह व परिवार के अन्य सदस्यों ने कथित रूप से दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पुत्री की तहरीर पर नामजद पांच आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। नामजद पांच में से तीन आरोपियों को पुलिस हिरासत में लिया गया है, जबकि फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला की वीडियो बाइट भी जारी की गई है।

