समीर पटेल आत्महत्या मामले में एक आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश तेज
बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में समीर पटेल की मौत के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभिषेक कुमार उर्फ बिशेक कुमार को चितेश्वर मंदिर के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पांच जुलाई को समीर पटेल घर से चितबड़ागांव गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। अगले दिन करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान परिजनों ने समीर पटेल के रूप में की।
परिजनों ने बाद में हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने का आरोप लगाया। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराएं हटाकर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण समेत अन्य धाराएं बढ़ाईं।
पुलिस का दावा है कि आरोपितों ने समीर को पकड़कर गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी थी। इससे क्षुब्ध होकर उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
मामले में वांछित अभिषेक कुमार उर्फ बिशेक कुमार निवासी वार्ड नंबर सात, चितेश्वरनगर को पुलिस ने सात सितंबर की शाम करीब 5:40 बजे मुखबिर की सूचना पर चितेश्वर मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


