दूसरे की जमीन हड़पने को रचा फर्जीवाड़े का खेल, दो गिरफ्तार
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र में जमीन के कथित फर्जी बैनामे के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि साजिश के तहत जमीन के वास्तविक मालिक की पहचान का इस्तेमाल कर कूटरचित तरीके से बैनामा कराया गया था।
पुलिस के अनुसार, जेठवार याकूबपुर निवासी विधिचंद ने थाने में शिकायत देकर बताया था कि उनके पट्टीदार सुभाष गुप्ता की जमीन को फर्जी तरीके से हड़पने की कोशिश की गई। आरोपितों ने कथित तौर पर सुभाष गुप्ता बनकर जमीन का बैनामा करा दिया।
शिकायत के बाद नगरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। जांच के दौरान वांछित अभियुक्तों की पहचान सुभाष तिवारी पुत्र केशव तिवारी निवासी दरियापुर खंडवा, थाना उभांव और जवाहिर पुत्र कपिल निवासी भीमपुरा नंबर-दो, थाना नगरा के रूप में हुई।
दोनों की तलाश में जुटी पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक दिनेश कुमार की टीम ने मालीपुर चट्टी के पास घेराबंदी कर दोनों को करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। मामले में फर्जी बैनामे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।


