नाबालिग के अपहरण-दुष्कर्म मामले में आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता बरामद
बलिया। हल्दी थाना पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश तुरहा पुत्र सरल तुरहा, निवासी सीताकुंड, थाना हल्दी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को पीड़िता के संबंध में हल्दी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 118/2026 दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपी के उग्रसेनपुर अंडरपास के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म से संबंधित धारा 64(2)(M) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे 8 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे की विवेचना में जुटी है।


