बाढ़ में डीएम का एक्शन, गांव पहुंचकर परखी राहत की हकीकत
बलिया। बाढ़ की मार झेल रहे ग्रामीणों तक राहत पहुंचाने में प्रशासन की सक्रियता परखने रविवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ग्राम जगदेवा पहुंचे। डीएम ने गांव में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के साथ प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
मौके पर जिलाधिकारी ने 50 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताया।
वहीं, बाढ़ पीड़ित परिवारों के सर्वे और सूची तैयार करने में लापरवाही मिलने पर डीएम का रुख सख्त नजर आया। उन्होंने संबंधित लेखपाल को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि गांव में घर-घर जाकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाए और किसी भी पात्र परिवार को राहत सूची से बाहर न रखा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा में प्रशासन की प्राथमिकता जरूरतमंदों तक तत्काल मदद पहुंचाना है। राहत कार्य में लापरवाही अथवा पात्र व्यक्ति के छूटने की शिकायत मिली तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और राहत कार्यों को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एडीएम अनिल कुमार, एसडीएम बैरिया, बीडीओ, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



