25 हजार का इनामी दबोचा, जानलेवा हमले के बाद चल रहा था फरार
बलिया। जानलेवा हमले के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त रजनीश यादव को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे बहादुरपुर पुलिया के पास से दबोचा।
पुलिस के मुताबिक, 23 मार्च को कालिन्दी पाण्डेय की गली में एक युवक पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला किया गया था। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से रजनीश यादव फरार चल रहा था।
23 वर्षीय रजनीश यादव, निवासी नोनिया छपरा थाना सुखपुरा, पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया।

