रसड़ा समाधान दिवस में भूमि विवादों की भरमार, 125 शिकायतों में 12 का मौके पर निस्तारण
बलिया। रसड़ा तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवादों से जुड़ी शिकायतों का दबदबा रहा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 125 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सबसे अधिक शिकायतें अवैध कब्जे, जमीन की नाप-जोख, वरासत और अन्य भूमि विवादों से संबंधित रहीं। इसके अलावा नाली से पानी की निकासी, राशन कार्ड, पेंशन और जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं।
भूमि विवादों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर स्थलीय जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्राम कटया के एक फरियादी ने बताया कि उसकी जमीन पीडब्ल्यूडी की सीमा में आ रही है। मामले पर डीएम ने संबंधित लेखपाल और कानूनगो को मौके पर पहुंचकर भूमि की नापी कराने तथा नियमानुसार समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
वहीं नगर पालिका नगरा में जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत भी पहुंची। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को पात्र लोगों के जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि कागजी या औपचारिक निस्तारण के बजाय अधिकारी मौके पर जांच कर वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय, एसडीएम रसड़ा, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



