दहेज हत्या में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार ससुर कमलेश यादव गिरफ्तार
बलिया। दहेज हत्या के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी ससुर को भीमपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक पति, सास और ससुर पर पुलिस की कार्रवाई हो चुकी है।
मामला थाना भीमपुरा क्षेत्र के शाहपुर (यादवनगर) गांव का है। पुलिस के मुताबिक 13 अगस्त को विवाहिता के परिजन की तहरीर पर मु0अ0सं0 128/2026 दर्ज किया गया था। आरोप था कि विवाहिता को दहेज के लिए उसके पति, सास, ससुर व देवर द्वारा प्रताड़ित किया जाता था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने 15 अगस्त को पति राकेश कुमार यादव और सास इसरावती देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मामले में वांछित ससुर कमलेश यादव पुत्र शिवशंकर यादव (53) पुलिस की पकड़ से बाहर था।
गुरुवार को उपनिरीक्षक धर्मवीर यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने किड़िहरापुर रेलवे स्टेशन के पीछे खाकी बाबा मंदिर के पास से सुबह करीब 9:30 बजे कमलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धारा 85, 80(2) बीएनएस एवं 4 डीपी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है।
यह कार्रवाई एसपी ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा सीओ रसड़ा रजनीश कुमार और थानाध्यक्ष भीमपुरा रंजीत विश्वकर्मा के नेतृत्व में की गई।