रेलवे स्टेशन पर रिक्शा खड़ा करने को लेकर विवाद, चाकू से हमला करने वाला गिरफ्तार
बलिया। शहर के रेलवे स्टेशन पर रिक्शा खड़ा करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक घटना 3 सितंबर की रात करीब 1 बजे रेलवे स्टेशन परिसर में हुई। रिक्शा खड़ा करने को लेकर हुए विवाद के बाद चाकू से हमला किया गया। मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 345/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए और स्टेशन गेट नंबर-1 के रेलवे सर्कुलेटिंग एरिया के पास से आरोपी सलीम अन्सारी पुत्र मुस्ताक अन्सारी (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजपूत नेवरी थाना कोतवाली बलिया का निवासी है तथा उसका स्थायी पता बेदुआ बताया गया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक चाकू बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।
कार्रवाई एसपी ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण और सीओ नगर सतीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई।