आर्थिक आरक्षण की मांग पर भासपा का शक्ति प्रदर्शन, शिवेंद्र बहादुर सिंह व रूद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसडीएम को सौंपा पत्रक
बलिया । आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू किए जाने की मांग को लेकर भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी (भासपा) ने रसड़ा तहसील में अपनी आवाज बुलंद की। शिवेंद्र बहादुर सिंह और रूद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों भासपा कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी महोदय को पत्रक सौंपा।
कार्यक्रम में शिवेंद्र बहादुर सिंह ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के अधिकार और समान अवसर का मुद्दा प्रमुखता से उठाया, वहीं रूद्र प्रताप सिंह ने भी आर्थिक आधार पर आरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए सरकार से इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
भासपा नेताओं ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा, युवाओं को रोजगार और जरूरतमंदों को विकास के समान अवसर मिलना चाहिए। आर्थिक स्थिति के कारण कोई व्यक्ति अवसरों से वंचित न रहे, इसके लिए आर्थिक आधार पर आरक्षण की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
तहसील परिसर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को प्रभावी बना दिया। भासपा नेताओं ने संकेत दिया कि आर्थिक न्याय और समान अवसर की यह मांग अब तहसील स्तर से आगे भी मजबूती से उठाई जाएगी।