जनसुनवाई में पहुंचा पॉक्सो एक्ट का वांछित, सुखपुरा पुलिस ने दबोचा
बलिया। थाना सुखपुरा में चल रही जनसुनवाई के दौरान उस समय पुलिस के सामने ही एक वांछित आरोपी पहुंच गया, जब पुलिस उसे तलाश रही थी। मामले की जानकारी और पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 206/2026 में धारा 65(2), 351(3) बीएनएस एवं 5M/6 पॉक्सो एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त शंकर प्रसाद गुप्ता पुत्र स्व. हसनु गुप्ता, निवासी कुम्हिया, थाना सुखपुरा, बलिया, उम्र करीब 75 वर्ष, 3 सितंबर को थाना कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान पहुंचा।
थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार दूबे द्वारा पूछताछ किए जाने पर अभियुक्त की पहचान और मुकदमे से संबंध की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे करीब 11:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के संबंध में अपनी गलती स्वीकार करने की बात कही।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा और थानाध्यक्ष सुखपुरा रत्नेश कुमार दूबे के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।