गंगा का बढ़ता जलस्तर: निहोरा नगर के 50 घरों में घुसा पानी, डीएम ने किया औचक निरीक्षण
बलिया। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही बाढ़ का असर अब शहर के रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगा है। निहोरा नगर में करीब 50 घरों में बाढ़ का पानी घुसने की सूचना पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लेखपाल और कानूनगो ने बताया कि नगर के वार्ड नंबर 24 में करीब 50 घर बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं, जबकि वार्ड नंबर 11 में भी कुछ घरों तक पानी पहुंच गया है। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रभावित वार्ड का तत्काल सर्वे कर यह रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए कि कितने मकानों में पानी घुसा है, कितने घर सुरक्षित हैं और प्रभावित क्षेत्रों में कितनी गर्भवती महिलाएं हैं। रिपोर्ट मंगलवार शाम तक उपलब्ध कराने को कहा गया।
इस दौरान ग्राम यारपुर के बाढ़ पीड़ितों ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि संबंधित लेखपाल क्षेत्र का निरीक्षण करने नहीं पहुंचे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रास्तों पर पानी भरने से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित लेखपाल को तत्काल चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों में नाव की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी न हो। वहीं कानूनगो को वजीरापुर गांव का विस्तृत सर्वे कराने का निर्देश दिया गया। सर्वे में कुल घरों की संख्या, जलमग्न मकानों, गर्भवती महिलाओं और बाढ़ के कारण घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर गए लोगों की सूची तैयार की जाएगी।
डीएम ने नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश देते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि संबंधित लेखपाल नियमित रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए और राहत, आवागमन व अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। सर्वे और राहत कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एसडीएम सदर, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे