राष्ट्रीय पोषण सप्ताह पर त्रिकालपुर में विधिक साक्षरता एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर
बलिया। राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अवसर पर मंगलवार को पंचायत भवन त्रिकालपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में विधिक साक्षरता एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता के साथ-साथ स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया श्री अनिल कुमार झा के आदेशानुसार आयोजित हुआ। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (पूर्णकालिक) श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की।
श्री तिवारी ने ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं एवं पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को उनके विधिक अधिकारों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया।
राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। लोगों को पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में हेल्थ कैम्प का भी आयोजन हुआ, जहां चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। टीम ने संतुलित आहार, स्वच्छता एवं स्वस्थ दिनचर्या के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मन्नू सिंह, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, वार्ड बॉय धीरेन्द्र नाथ, धीरज, लैब टेक्नीशियन करन, आशा बहुएं, नव भारतीय नारी विकास समिति की ओर से अनीकेत गुप्ता, पैरालीगल वालंटियर्स सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।